सेमापुर स्टेशन पर यात्री सुविधा बढ़ाने की मांग तूल पकड़ता जा रहा है
कटिहार के सांसद तारिक अनवर को प्रेषित किया गया है : भुवन अग्रवाल
नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सेमापुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधा बढ़ाने की मांग की है। इस सम्बन्ध में चैम्बर अध्यक्ष सह विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने भारत सरकार के रेल मंत्री को पत्र लिखकर आम रेल यात्रियों के हित में उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए पूरा करने का आग्रह किया है।पत्र की जानकारी देते हुए चैम्बर महासचिव भुवन अग्रवाल ने बताया कि सेमापुर रेलवे स्टेशन से रेल मंत्रालय को हर वर्ष करोड़ों का राजस्व मिलता है। लेकिन, स्टेशन पर सुविधाओं का अभाव रहने से रेल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सेमापुर रेल स्टेशन का प्लेटफार्म नम्बर एक और दो की लम्बाई वर्त्तमान समय में चल रही एक्सप्रेस ट्रेनों के अनुरूप नहीं है। एक्सप्रेस ट्रेन को बोगी प्लेटफार्म से आगे झाड़ियों तक लगती है।इससे यात्रियों को ट्रेन से उतरने में दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। प्लेटफार्म की लम्बाई और ऊंचाई कम रहने से ट्रेन पर चढ़ने और उतरने में बच्चे, बूढ़े और महिलाओं को काफी परेशानी होती है। कभी-कभी यात्री चढ़ने और उतरने के क्रम में ट्रेन से गिर भी जाते हैं।सेमापुर रेल गुमटी के अक्सर बंद रहने से मक्का के सीजन में घंटों जाम लग जाता है। सेमापुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म समतल नहीं है। प्लेटफार्म के समतल नहीं रहने और ऊँचा-नीचे रहने से बारिश के समय प्लेटफार्म पर जल-जमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। दो नम्बर प्लेटफार्म पर बने यात्री शेड में पानी का जमाव हमेशा रहता है। स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय और यात्री शेड की भी घोर कमी है।स्टेशन कर्मियों को दिए जानेवाले आवास जीर्ण-शीर्ण हालत में है। बरसात के दिनों में रेल कर्मियों के आवास में पानी भर जाता है।सेमापुर रैक पॉइंट से रेलवे को करोड़ों रुपये राजस्व की प्राप्ति होती है। इसके बावजूद अमृत भारत स्टेशन योजना से सेमापुर को नहीं जोड़ा गया है। महासचिव ने आम रेल यात्रियों खासकर व्यवसायियों की सुविधा और रेल राजस्व में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सेमापुर स्टेशन पर प्लेटफार्म की लम्बाई एवं ऊंचा करने के साथ-साथ यात्री सुविधा बढ़ाने को लेकर पहल करने की मांग की है।साथ ही महासचिव ने बताया कि इस आशय का पत्र कटिहार के सांसद तारिक अनवर को भी प्रेषित किया गया है। सेमापुर के प्रसिद्ध व्यवसायी बालमुकुंद टिंबरेवाल, चेंबर सदस्य शांति जायसवाल, रवि आजाद ,सागर कुमार आदि कई गणमान्य ग्रामीणों ने चेंबर के प्रयास की सराहना की।
