November 5, 2026

खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग, डीपीओ ने विद्यालय पहुंचकर की जांच।

Read Time:4 Minute, 13 Second

(डेस्क| हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोखरिया में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत एनजीओ सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनिशिएटिव द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर प्रकाशित समाचार का असर शुक्रवार को देखने को मिला। खबर सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) निशीथ कुमार स्वयं विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। निरीक्षण के दौरान डीपीओ ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, बच्चों को परोसे जा रहे भोजन तथा निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं, इसकी विस्तार से जांच की। इस दौरान डीपीओ ने स्वयं विद्यालय में बैठकर मध्यान्ह भोजन का स्वाद भी चखा। भोजन की गुणवत्ता का आकलन करने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एनजीओ के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में हमेशा ताजा, पौष्टिक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। डीपीओ निशीथ कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य एवं शिक्षा दोनों को बेहतर बनाना है। यदि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित शिक्षकों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि मध्यान्ह भोजन वितरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित किया जाए। साथ ही भोजन तैयार करने में स्वच्छता के सभी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। गौरतलब है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोखरिया में गुणवत्ताविहीन मध्यान्ह भोजन को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने बच्चों को बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अब विद्यालय में बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य आनंद महतो, सचिव मुन्नी देवी, शिवानी देवी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Previous post मनिहारी में लगा पीएम सूर्यघर सोलर मेला, उपभोक्ताओं को मिली योजना और ऋण की जानकारी
Next post अमदाबाद पीएचसी में टीबी मरीजों के बीच फूड पैकेज वितरित
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial