April 29, 2026

सड़क नही पगडंडी के रास्ते होकर आवाजाही करने पर विवश ग्रामवासी

Read Time:3 Minute, 2 Second

तनवीर आलम ( हसनगंज )

हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर पंचायत के टुपकिया गांव में आज़ादी के दशकों बीत जाने के बाद भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से ग्रामीण जूझ रहे हैं। सड़क के अभाव में पूरा गांव वासी विकास से कोसों दूर है। ग्रामीणों ने पगडंडी रास्ते पर उतर सड़क निर्माण की मांग को लेकर आक्रोश जाहिर करते हुए बताया कि सड़क के अभाव में आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय आदि में पढ़ाई को लेकर बच्चे नहीं पहुंच पाते हैं। हजारों की आबादी से बसा यह गांव आज भी संसाधन के अभाव से जूझ रहा है। यहां के लोग जिल्लत भरी जिंदगी जीने को विवश हैं।सड़क विहिन इस गांव के लोग खेतों के मेर से आवागमन करने पर मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब जमींदार खेतों की बुवाई कर लेते हैं, तो आवागमन करने में काफी परेशानी बढ़ जाती है। आवागमन दौरान अगर फसल का नुकसान हो जाता है, तो जमींदार की हजार गाली हम ग्रामीणों को सुननी पड़ती है। मौके पर मो अनारुल, अब्दुल मजीद, मसोमात सुकमोन, मो अजफारुल, मो सलाम सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कि गांव में अगर कोई बीमार पड़ जाता है, तो मरीज को चारपाई पर उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। कई ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में किसी प्रकार की समस्या हो जाने पर कोई भी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि सुधि लेने नहीं पहुंचते हैं। भले ही सरकार व स्थानीय प्रशासन सुशासन की बात करता हो लेकिन इस गांव की स्थिति यह दर्शाती है कि विकास तो दूर गांव में आगमन तक के रास्ते नहीं है। जनप्रतिनिधि व नेता चुनाव के समय ही क्षेत्र में दिखते हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट तौर पर कहा गांव में सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं रहने से शादी विवाह, बच्चे की पढ़ाई लिखाई सहित रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। आक्रोशित लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग विभाग से की है। इस अवसर पर दर्जनों आक्रोशित ग्रामीण मौजूद थे।

Previous post डीपीआरओ ने कदवा प्रखंड मुख्यालय पहुँच की कई योजनाओं की जाँच
Next post विद्यालय शिक्षा समिति द्वारा विद्यालय की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर सिओ को दिया आवेदन।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial