मुरादपुर पंचायत में संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर विशेष ग्राम सभा का आयोजन
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत भवन में शुक्रवार को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह ने की।इस अवसर पर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ शांतनु कुमार ठाकुर, सीएचसी प्रभारी डॉ. अमर लाल, पशु चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार, जीविका बीपीएम धीरेंद्र कुमार, एमओ कुमार किंचित, पंचायत सचिव गुड्डू कुमार, सीएचसी मैनेजर मुकेश सिंह, पिरामल फाउंडेशन से मनीष सिंह, किसान सलाहकार मांगन यादव, बीटीएम ओम कुमार सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।ग्राम सभा में संपूर्णता अभियान के अंतर्गत अप्रैल 2026 तक छह सूचकांकों को 100 प्रतिशत पूर्ण करने को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। इन सूचकांकों में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पोषण की आपूर्ति सुनिश्चित करना, बच्चों की उम्र के अनुसार लंबाई एवं वजन की नियमित जांच, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यशील शौचालय एवं पेयजल की उपलब्धता, बालिकाओं के लिए विद्यालयों में शौचालय निर्माण तथा पशु टीकाकरण को पूर्ण करना शामिल है।प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय सूचकांकों पर जानकारी देते हुए कार्य योजना भी ग्राम सभा में प्रस्तुत की। सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि मनीष कुमार सिंह ने स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से जुड़े सूचकांकों पर विस्तार से जानकारी दी तथा एसएचजी सदस्यों एवं पीआरआई प्रतिनिधियों के सहयोग से समुदाय में जागरूकता फैलाने और पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर लक्ष्य प्राप्ति की कार्य योजना पर चर्चा की।ग्राम सभा के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कर्मियों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों के लिए जागरूकता सह जांच शिविर का आयोजन किया गया। वहीं पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह एवं बीपीआरओ शांतनु कुमार ठाकुर के द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया और इसके महत्व के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई।इसके अलावा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को कुष्ठ रोगियों से घृणा नहीं करने की शपथ दिलाई गई।मौके पर उप मुखिया प्रभु दयाल शर्मा, वार्ड सदस्य सुजीत कुमार सिंह सहित दर्जनों पंचायत कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
