June 23, 2026

रेन कट से बड़ी नहर का किनारा ध्वस्त, आवागमन बाधित, ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

Read Time:3 Minute, 12 Second

(डेस्क| हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर पंचायत अंतर्गत मननपुर गांव के समीप स्थित बड़ी नहर का एक हिस्सा लगातार हुई बारिश के कारण रेन कट की चपेट में आकर कट गया है। नहर सड़कनुमा रास्ता ध्वस्त हो जाने से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों एवं राहगीरों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों सूरज कुमार, उमेश कुमार, मो शमशेर, मो आफताब, अहमद राजा आदि ने बताया कि यह मार्ग मननपुर सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण नहर है। नहर का किनारा एक साइड बीचों बीच कट जाने से रास्ता काफी संकरा और खतरनाक हो गया है। विशेषकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर मिट्टी खिसकने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर के किनारों का लंबे समय से समुचित रखरखाव नहीं किया गया, जिसके कारण बरसात के मौसम में कटाव की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। समय रहते मरम्मत और सुरक्षा कार्य नहीं किए जाने के कारण अब स्थिति गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। किसानों ने बताया कि यह नहर क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण था। कटाव बढ़ने से न केवल आवागमन प्रभावित हुआ है, बल्कि भविष्य में नहर की संरचना को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। यदि जल्द मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान कटाव और बढ़ सकता है, जिससे आसपास की जमीन तथा मार्ग को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। कहा कि नहरों में बड़ी बड़ी जंगल उग आया है नियमित रखरखाव के आभाव में नहर खराब हों गया है। कई सालों से नहर में पानी भी नहीं छोड़ा गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से अविलंब स्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने, कटाव रोधी कार्य कराने तथा सुरक्षित आवागमन बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान में देरी होने पर क्षेत्रवासियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

Previous post मनिहारी पुलिस की कार्रवाई: ऑटो लूट कांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, रात्रि गश्ती में देसी कट्टा के साथ युवक धराया।
Next post मनिहारी थाना में मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial