कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने मनिहारी बाढ क्षेत्र का किया दौरा।
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
बुधवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में कांग्रेस की एक टीम ने मनिहारी नगर क्षेत्र सहित बघार पंचायत के बाढ़ पीड़ित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को जल्द ही जिला प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि वे मनिहारी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों के मुद्दों को लेकर जिला और स्थानीय प्रशासन से बातचीत करेंगे।इस संदर्भ में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि “हम पूरे जिले के बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, और आज हम मनिहारी नगर पंचायत और बघार पंचायत का दौरा कर रहे हैं। हमने सड़क मार्ग, पैदल और नाव से जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं।”उन्होंने कहा कि “हमने नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 के सिग्नल टोला गांव का दौरा किया, जहां लगभग सभी घर जलमग्न हैं। लोग अपने घरों से भोजन और आवश्यक वस्तुएं भी नहीं निकाल पाए और सबकुछ पानी में डूब गया। पिछले तीन दिनों से ये लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं और बांध के पास अस्थायी झोपड़ियों में रेलवे लाइन की पटरी के किनारे रह रहे हैं। लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से सिर्फ पॉलिथीन वितरित की गई है, जबकि सामुदायिक किचन, पेयजल, शौचालय और सूखा राशन जैसी आवश्यकताओं की भारी कमी है।”उन्होंने यह भी बताया कि आजमपुर गोला में भी कई घरों में पानी घुस चुका है, और वहां भी राहत कार्य की आवश्यकता है। बघार पंचायत के मेदिनीपुर गांव सहित पूरा क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित है। फिलहाल मेदिनीपुर में दो सामुदायिक किचन संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन बघार पंचायत के मिर्जापुर आदि गांवों में अब तक राहत सामग्री नहीं पहुंची है। केवल पॉलीथीन वितरित की गई है।जिला अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी और सीओ से बात की है, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि सिग्नल टोला में जल्द ही सामुदायिक किचन शुरू किया जाएगा। फिलहाल, पीड़ित परिवारों को पॉलिथीन वितरित किया जा रहा है। साथ ही, अन्य पंचायतों के बाढ़ पीड़ित परिवारों की समस्याओं को भी अनुमंडल पदाधिकारी को अवगत कराया गया है, जिन्होंने सभी बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया है।बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के साथ दिलीप कुमार विश्वास, अरूण सिंह, सिकंदर मंडल, साजिद अली, प्रीतम चक्रवर्ती, आलमगीर, पंकज यादव, राजेंद्र पासवान, बेचन सिंह, गजेन्द्र यादव, कुंदन कुमार आदि मौजूद रहे।
